मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसौली गांव में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 24/25 अप्रैल की रात ट्यूबवेल पर मिले युवक राजा उर्फ अरुण (निवासी शामली) की हत्या शराब पीने के दौरान हुए विवाद के चलते की गई थी। आरोपियों ने कहासुनी बढ़ने पर युवक पर ईंट से हमला कर उसकी जान ले ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए। इसके बाद तीनों को मौके से दबोच लिया गया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पूरी कार्रवाई एडीजी मेरठ जोन और डीआईजी सहारनपुर रेंज के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group