मुजफ्फरनगर। आगामी जनगणना 2026–27 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को जानसठ स्थित एंबिएंस एकेडमी स्कूल में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र का उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया, जहां अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक/मंडल प्रभारी आशुतोष कुमार (सहारनपुर) एवं जिला प्रभारी गौरव गुंजन (जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ) ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण कक्षों की बैठने की क्षमता, प्रकाश एवं वेंटिलेशन, डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता और प्रशिक्षण सामग्री की पर्याप्तता को गंभीरता से परखा।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लगे कार्मिकों को प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन को साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से सचेत किया।
निरीक्षण के दौरान यह भी कहा गया कि जनगणना 2026–27 देश की विकास नीतियों और योजनाओं की आधारशिला है, ऐसे में प्रशिक्षण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने की अपेक्षा जताई।
इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझावों पर अमल करने का आश्वासन दिया।
