खतौली/मेरठ। दिल्ली–सहारनपुर रेलमार्ग पर बुधवार शाम एक हृदयविदारक घटना में मेरठ निवासी 26 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा खतौली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास हुआ, जहाँ से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन के सामने युवक के आने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विशाल खारी, पुत्र रविंदर खारी, निवासी शास्त्री नगर, मेरठ के रूप में हुई। जेब से मिले पहचान पत्रों के आधार पर सूचना परिजनों तक पहुंचाई गई। परिजन देर रात खतौली पहुँचे, जहाँ उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
मामले की जांच कर रही (जीआरपी) ने बताया कि घटना स्थल से प्राथमिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कुछ देर तक ट्रैक के आसपास अकेला घूमता देखा गया था। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है और अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट होगा।
शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यदि कोई अतिरिक्त तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रेलखंड पर पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल उठते रहे हैं। घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव से जूझ रहे युवाओं के प्रति सामाजिक जागरूकता और समय पर परामर्श की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group