बांदा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मरका कस्बे में यूपी पुलिस की 112 सेवा में तैनात सिपाही गौरव कुमार पर अपनी ही तीन साल की बेटी की हत्या का गंभीर आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार गौरव कुमार अपनी पत्नी शिवानी और बेटी परी के साथ मरका में किराये के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि दिन में परिवार किसी कार्यक्रम से लौटकर आया था, जिसके बाद देर रात घरेलू विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि हिंसक झड़प हो गई, जिसमें मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बच्ची को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी सिपाही फरार हो गया। पुलिस को उसका मोबाइल फोन यमुना नदी के किनारे मिला है, जिससे कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
