सहारनपुर जिले में एंटी-करप्शन टीम ने ग्राम विकास अधिकारी संजय कुमार वालिया को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामला गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के चौरादेव, ढाला माजरा, बहेड़ी गुर्जर और लुण्ढाली पंचायत क्षेत्र में किए गए निर्माण कार्य के भुगतान से जुड़ा है।
शिकायतकर्ता अरविंद कुमार, निवासी परागपुर, ने बताया कि उनका भुगतान दो वर्षों से रुका था। आरोप है कि VDO ने बिल पास कराने के लिए कुल राशि का 15%, यानी ₹20,000 रिश्वत मांगी। शिकायत की पुष्टि पर एंटी-करप्शन टीम ने शुक्रवार दोपहर 12:51 बजे ट्रैप लगाकर ग्राम प्रधान अरुणा के घर के सामने से संजय वालिया को पकड़ लिया।
तलाशी में उसकी जेब से ₹52,000 अतिरिक्त नकद भी मिला, जिसके बारे में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। आरोपी को गागलहेड़ी थाने में सौंपकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

