सहारनपुर। शहर में अस्पताल परिसरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर थाना जनकपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सदस्यों वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलों के पुर्जे, नकदी और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बीते दिनों जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के आसपास खड़ी दोपहिया वाहनों की चोरी की शिकायतें तेजी से बढ़ रही थीं। 14 से 25 अप्रैल 2026 के बीच दर्ज मामलों में हीरो HF डीलक्स, स्प्लेंडर, पल्सर और CT-100 जैसी बाइकों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी में एक हीरो CT-100 (नंबर HR04B1415) के साथ-साथ कई बाइकों के कटे हुए पुर्जे, तीन कट्टों में भरा सामान, 2000 रुपये नकद और 2250 रुपये के दो सीलबंद पैकेट बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से भीड़भाड़ वाले स्थानों को चुनकर बाइक चोरी करता था और बाद में वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बाजार में बेच देता था। इससे चोरी की गाड़ियों की पहचान करना कठिन हो जाता था।
थाना जनकपुरी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। गिरफ्तार आरोपियों को शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
