मुजफ्फरनगर। शहर की पंचशील कॉलोनी में पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी ससुराल में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में तीन महिलाएं गोली लगने से घायल हो गईं। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अनंत विजय मित्तल और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बताया गया कि आरोपी अपने पुत्र का जन्मदिन मनाने के लिए देहरादून से मुजफ्फरनगर आया था और ससुराल पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग कर दी।फायरिंग की चपेट में आकर उसकी सास, चचिया सास और पत्नी की भाभी घायल हो गईं। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि घटना पारिवारिक तनाव का परिणाम प्रतीत हो रही है, लेकिन पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।