मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना बुढ़ाना क्षेत्र में नाबालिग बालक के साथ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना बुढ़ाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
मामला 15 जनवरी 2026 का है, जब ग्राम जौला निवासी पीड़ित बालक के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव के ही रहने वाले अरबाज उर्फ अबरार और जाबिर उर्फ जबरू ने उसके नाबालिग बेटे को बहला-फुसलाकर ईख के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर थाना बुढ़ाना में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पोक्सो एक्ट की धारा 5जी/6 भी लगाई गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। 17 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने परासौली नहर पुल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पेन ड्राइव और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिन्हें जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
थाना प्रभारी सुभाष बाबू अत्री ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को हर संभव कानूनी सहायता दिलाने का भरोसा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने के लिए मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शुभम सिंह, हेड कांस्टेबल हरीश पाल, हेमंत तथा कांस्टेबल केतन और राजवीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group