मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने देर रात शाहपुर थाना क्षेत्र की सांझक पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। एसएसपी के अचानक चौकी पहुंचने से वहां तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं के साथ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली।एसएसपी ने चौकी परिसर, कार्यालय और बैरक का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न अभिलेखों और दस्तावेजों को भी देखा गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों, पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।एसएसपी ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता लगातार दिखाई देनी चाहिए। रात्रि के समय गश्त को प्रभावी बनाने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित रूप से चेकिंग की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करे।उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और अपराध की रोकथाम के लिए लगातार भ्रमण किया जाए। आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान थाना शाहपुर के थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।