मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे-58 पर सेंट मैरी स्कूल के सामने मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पूर्व ग्राम प्रधान की मौत हो गई। फोर व्हीलर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए आनंद प्रकाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।ग्राम सठेड़ी निवासी 62 वर्षीय आनंद प्रकाश पुत्र वेदप्रकाश बाइक से कहीं जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वह नेशनल हाईवे-58 पर सेंट मैरी स्कूल के सामने पहुंचे, तभी एक फोर व्हीलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद प्रकाश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसा होते ही मौके पर राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी खतौली पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।आनंद प्रकाश वर्ष 2010 में ग्राम सठेड़ी के प्रधान रह चुके थे। उनकी मौत की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने हादसे में शामिल फोर व्हीलर को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ खतौली रूपाली राव के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के संबंध में हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।