शाहजहांपुर। पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट पर चिता की आग में मांस पकाने का मामला सामने आया है। मृतक के बेटे ने तीन युवकों को चिता के पास मांस पकाते हुए देख लिया। परिजनों और रिश्तेदारों ने एक युवक को मौके पर पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, नत्थापुर गांव निवासी छोटेलाल (60) की शनिवार को लंबी बीमारी के बाद मृत्यु हो गई थी। रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार श्मशान घाट पहुंचे और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद घर लौट आए। करीब एक घंटे बाद मृतक के बेटे वीरपाल कुछ रिश्तेदारों के साथ चिता देखने के लिए दोबारा श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्होंने तीन युवकों को चिता की आग पर बर्तन रखकर मांस पकाते देखा।वीरपाल ने रिश्तेदारों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो युवक बाइक से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना दी गई। वीरपाल ने रविवार शाम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि तीन युवक उनके पिता की जलती चिता पर मांस पका रहे थे। उन्होंने युवकों के तांत्रिक जैसे दिखने की बात भी शिकायत में कही।शिकायत के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुवायां थाना पुलिस ने सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर नत्थापुर तिराहे के पास घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपितों ने शराब के नशे में मांस पकाने की बात स्वीकार की। उनके अनुसार, मांस खाने का मन होने पर उन्होंने चिता की आग पर बर्तन रख दिया था।थाना प्रभारी निरीक्षक आरके रावत ने बताया कि पुलिस की जांच में युवकों के तांत्रिक होने की पुष्टि नहीं हुई है। तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पहचान रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। मामला पुवायां थाना क्षेत्र का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group