मुजफ्फरनगर। हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को स्वास्थ्य जांच और फिटनेस प्रमाण पत्र की प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बताया कि यात्रियों को सरकारी चिकित्सा केंद्रों पर जांच कराने के बाद निर्धारित प्रारूप में प्रमाण पत्र बनवाना होगा। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज हज कमेटी की वेबसाइट पर अपलोड या राज्य हज समिति कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देशों के अनुसार चयनित यात्रियों को प्रथम चरण की मेडिकल स्क्रीनिंग पूरी करनी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निर्धारित प्रारूप पर एलोपैथिक चिकित्सक से प्रमाण पत्र जारी कराना अनिवार्य है। मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद और अन्य जरूरी दस्तावेज 30 सितंबर 2026 तक हज कमेटी की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि एक अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।प्रवासी भारतीय यात्रियों को अपने निवास वाले देश के सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर रिपोर्ट तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। शासन की ओर से प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हज यात्रियों के फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यात्रियों से कहा है कि प्रमाण पत्र और जांच रिपोर्ट की प्रतियां सुरक्षित रखें, ताकि द्वितीय चरण की जांच के दौरान उन्हें प्रस्तुत किया जा सके।