मुजफ्फरनगर, 22 सितंबर 26। स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सुविधाओं और ऋण योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिले में 23 और 24 सितंबर को विशेष मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत होने वाले इस आयोजन में 707 लंबित बैंक खातों को खोलने और 471 नकद ऋण सीमा से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा। प्रशासन ने संबंधित बैंक अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेगा कैंप की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैंकवार लंबित मामलों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने-अपने क्षेत्र के प्रकरणों की समीक्षा कर बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित करें और पात्र समूहों को योजनाओं का लाभ दिलाएं।समीक्षा में पंजाब नेशनल बैंक में 275 बैंक खाते और 142 नकद ऋण सीमा प्रकरण लंबित पाए गए। भारतीय स्टेट बैंक में 107 खाते और 82 प्रकरण, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 78 खाते और 52 प्रकरण तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 73 खाते और 47 प्रकरण निस्तारण की प्रतीक्षा में हैं। इसके अलावा अन्य बैंकों में भी खाते खोलने और ऋण संबंधी मामले लंबित हैं।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेगा कैंप को औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। बैंक शाखाओं को दस्तावेजों में कमी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यक अभिलेख पूरे कराकर पात्र समूहों के मामलों का निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को समय पर बैंकिंग और ऋण सुविधा मिलने से उनकी आजीविका तथा आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। बैठक में उपायुक्त स्वतः रोजगार के.एन. पांडेय, अग्रणी जिला प्रबंधक, खंड विकास अधिकारी और विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group