बिजनौर। नूरपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर ऐडवा गांव में बुधवार सुबह खेत में एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। शव के पास करीब डेढ़ साल की बच्ची रोती हुई मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल भेजने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।गोहावर जैत गांव निवासी ध्यानपाल सिंह बुधवार सुबह करीब सात बजे रोजाना की तरह अपने खेत की ओर टहलने गए थे। इसी दौरान उन्हें बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाने पर खेत में एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया, जबकि उसके पास मासूम बच्ची रो रही थी। ध्यानपाल ने बच्ची को गोद में उठाया और रास्ते से गुजर रही महिलाओं को बुलाकर उसे सौंप दिया। महिलाओं ने बच्ची को दूध पिलाकर शांत कराया और पुलिस को सूचना दी।कुछ देर बाद नूरपुर थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष के अनुसार, महिला का शव करीब 40 प्रतिशत तक जला हुआ था। पेट और पैरों के हिस्से झुलसे हुए बताए गए हैं। चेहरे पर चोट के निशान नहीं मिले। महिला के पैरों में बिछिया मिलने से उसके विवाहित होने की संभावना जताई गई है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को खेत में लाकर जलाया गया। हालांकि, हत्या का कारण और घटनाक्रम पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। महिला की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। घटना नूरपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर ऐडवा गांव की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group