सहारनपुर। चिलकाना क्षेत्र के सुल्तानपुर कस्बे में मंगलवार शाम घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे कुत्तों के बीच से बाहर निकाला। घायल बच्चे को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर कस्बे के कोठीवाला मोहल्ला निवासी इरफान का चार वर्षीय बेटा शादान मंगलवार शाम करीब चार बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेलते हुए वह आवारा कुत्तों के झुंड के पास पहुंच गया। एक कुत्ते ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य कुत्तों ने भी उसे कई जगहों पर नोचकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद बच्चे को कुत्तों से बचाया जा सका।परिजन घायल शादान को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर रोष है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कुत्तों के झुंड गलियों में घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों और राहगीरों को खतरा बना रहता है। लोगों ने नगर पंचायत से आवारा कुत्तों को पकड़वाने और समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।