मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार पिस्टल, सात तमंचे और छह खाली मैगजीन बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान एक कार, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और चार हजार रुपये भी मिले हैं।पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को टीम न्याजूपुरा-चरथावल मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान काली नदी पुल के पास अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक कार में सवार तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार बरामद हुए।पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में दो आरोपियों ने मेरठ से हथियार लाकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करने की जानकारी दी। तीसरा आरोपी भी हथियार खरीदने के लिए वहां पहुंचा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से खरीदे जा रहे थे और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश सैनी निवासी सरधना, मेरठ, समीर निवासी हापुड़ और उमंग उर्फ देवा चौहान निवासी मटौर, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।