बागपत। दोघट थाना क्षेत्र के इदरीशपुर गांव के जंगल में शुक्रवार को 21 वर्षीय मजदूर का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सोनू पुत्र चंदकीराम के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान रामबली शुक्रवार को अपने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान खेत की चकरोड़ के किनारे शहतूत के पेड़ पर चादर के सहारे एक युवक का शव लटका दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाया और तलाशी ली।मृतक की जेब से 550 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और तंबाकू की पुड़िया बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, सोनू की उम्र 21 वर्ष थी और वह गांव में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।सोनू के परिवार में उसकी मां, एक बहन और बड़ा भाई संतराम हैं। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आशंका जताई कि सोनू की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटकाया गया होगा। हालांकि, अभी तक हत्या की आशंका की पुष्टि करने वाला कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है।दोघट थाना अध्यक्ष केवल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group