मुजफ्फरनगर। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को विभाग की टीम ने बहेड़ी और रोहाना कलां गांव स्थित दो डेयरियों पर छापेमारी की। इस दौरान 20 किलोग्राम घी सीज किया गया, जबकि दूध, घी, मक्खन, खोया, पनीर और दही समेत सात नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सबसे पहले सदर तहसील क्षेत्र के बहेड़ी गांव में मुर्सलीन की डेयरी का निरीक्षण किया। यहां घी और मक्खन की गुणवत्ता की जांच के लिए दोनों के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान मौके पर रखा 20 किलोग्राम घी सीज कर दिया गया। इसके बाद टीम रोहाना कलां गांव पहुंची, जहां शेरखान की डेयरी पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई। यहां से मिश्रित दूध, खोया, पनीर, घी और दही के नमूने एकत्र किए गए।दोनों स्थानों से लिए गए सभी सात नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।यह अभियान खाद्य सुरक्षा विभाग के आयुक्त के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में चलाया गया। कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय अर्चना धीरान, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावट की आशंका पर प्रभावी कार्रवाई करना है। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group