मुजफ्फरनगर। भारतीय उपाध्याय समाज में संगठन को मजबूत बनाने के लिए नई कार्यकारिणियों के गठन की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला और ब्लाक स्तर की वर्तमान कार्यकारिणियों का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब नए पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके लिए नवंबर में चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है।जिला अध्यक्ष मास्टर बिजेन्द्र उपाध्याय ने संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर निवर्तमान पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया। इसके बाद जिले के आठ ब्लाकों में चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की गई। मोरना में पंकज कुमार उपाध्याय, जानसठ में राजकुमार उपाध्याय, खतौली में मांगेराम उपाध्याय, बुढ़ाना में सोनू उपाध्याय, शाहपुर में सागर उपाध्याय, बघरा में धन प्रकाश उपाध्याय, पुरकाजी में अरविंद कुमार उपाध्याय और सदर ब्लाक में महेश कुमार उपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।नियुक्त किए गए सभी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय सदस्यों को संगठन से जोड़ने का दायित्व दिया गया है। इन्हीं सदस्यों की भागीदारी से ब्लाक स्तर पर नई कार्यकारिणियां गठित की जाएंगी। सभी ब्लाकों में गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला अध्यक्ष का चयन अथवा चुनाव कराया जाएगा। नई जिला कार्यकारिणी में प्रत्येक ब्लाक को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।जिला अध्यक्ष मास्टर बिजेन्द्र उपाध्याय ने समाज के लोगों से संगठन की नई टीम के गठन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी एकता और सहयोग जरूरी है। सभी लोग मिलकर संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दें।जिला महामंत्री मास्टर अमित कुमार उपाध्याय ने भी समाज के लोगों से एकजुट होकर संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।