मुजफ्फरनगर। पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की फिटनेस, वर्दी और अनुशासन पर ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस वाहनों, बैरकों और भोजनालय सहित विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाएं देखीं।शुक्रवार को आयोजित परेड का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा ने किया। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को दौड़ लगवाई गई। इसके बाद टोलियों में उनकी वर्दी और साज-सज्जा का निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने और ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।पुलिस लाइन में खड़े वाहनों की कार्यक्षमता जांचने के लिए उन्हें चलवाकर देखा गया। वाहनों में लगे हूटर, बत्तियों, जरूरी उपकरणों और प्राथमिक उपचार पेटी की उपलब्धता की भी जांच की गई। एसएसपी ने वाहन चालकों और संबंधित अधिकारियों को वाहनों की नियमित देखभाल करने तथा सभी उपकरणों को चालू हालत में रखने के निर्देश दिए।आपातकालीन सेवा डायल-112 की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।इसके बाद एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के भोजनालय, पुलिस कैफे, सहायक कैंटीन और बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, खानपान और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।मोटर परिवहन शाखा में वाहनों के रखरखाव के साथ संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की गई। बाद में आदेश कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों का अर्दली रूम लेकर अभिलेखों का निरीक्षण किया गया और जरूरी निर्देश दिए गए।इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।