झांसी। घर से खेलने के लिए निकले पांचवीं कक्षा के 11 वर्षीय छात्र का शव दूसरे दिन जंगल में स्थित तालाब में मिलने से परिवार में मातम छा गया। छात्र के लापता होने के बाद परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार रात घर से करीब तीन किलोमीटर दूर तालाब में उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। छात्र के शरीर पर कपड़े नहीं मिलने की बात सामने आने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी स्थित हरिजन कॉलोनी निवासी राजेश अहिरवार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका 11 वर्षीय बेटा अंश रामलखन स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को अंश स्कूल नहीं गया था। शाम करीब छह बजे चाय पीने के बाद वह घर से खेलने के लिए निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो परिजन रात करीब 11 बजे पुलिस चौकी पहुंचे और बच्चे के लापता होने की सूचना दी।शुक्रवार सुबह से ही पुलिस और परिजन छात्र की तलाश में जुटे रहे। इसी बीच शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक पड़ोसी ने घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर जंगल में बने तालाब में बच्चे का शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पुलिस पहले से मौजूद थी। शव की पहचान अंश के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।अंश के दादा तुलसी अहिरवार ने बताया कि उनके पोते के शव पर कपड़े नहीं थे। उन्होंने आशंका जताई कि बच्चे के साथ कोई अनहोनी हुई है और उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। दादा का कहना है कि अंश इतनी दूर अकेले कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल छात्र की हत्या किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अंश घर से निकलने के बाद कहां गया और किन परिस्थितियों में उसका शव तालाब में मिला।