मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र के गांव खेड़की में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से गांव में शोक छा गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोनू पुत्र जगदीश के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।जानकारी के अनुसार, मोनू पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गया था। चारा लेकर घर लौटने के बाद वह दोबारा जंगल की ओर चला गया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कर दी।तलाश के दौरान जंगल में सड़क किनारे मोनू की बाइक खड़ी मिली। आसपास खोजबीन करने पर गन्ने के खेत में शीशम के पेड़ से उसका शव लटका दिखाई दिया। यह देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।बताया गया कि मोनू एक कंपनी में मजदूरी करता था और परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group