सहारनपुर। देवबंद क्षेत्र में शनिवार को ट्रॉली और कैंटर की टक्कर में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के समय ट्रॉली में करीब 16 से 17 लोग सवार थे। सभी लोग मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के कुसावली गांव के रहने वाले बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। श्रद्धालु ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक कैंटर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रॉली में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।प्रशासन के अनुसार, चार घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है, जबकि कुछ घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मेरठ रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि उपचार के दौरान घायलों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।देवबंद में हुए हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों का समुचित उपचार कराने और मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।हादसे में दो लोगों की मौत की खबर से कुसावली गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन राहत एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group