बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश नाजिम उर्फ नसीम घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की ओर से चलाई गई गोली दरोगा अमित कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। जैकेट के कारण दरोगा सुरक्षित बच गए।पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि एक बदमाश क्षेत्र में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाजिम उर्फ नसीम के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी पर बागपत के पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद और बागपत में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही यह पता लगाने में लगी है कि वह क्षेत्र में किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। थाना प्रभारी सूर्यदीप के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group