बागपत। फैजुल्लापुर गांव में रविवार सुबह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से नौ वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रहा दूसरा बच्चा घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, फैजुल्लापुर निवासी ज्ञानेंद्र कुमार का नौ वर्षीय बेटा हर्ष रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे साइकिल से अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में टटीरी निवासी नवीन का बेटा आदित्य भी घायल हो गया। आदित्य अपनी ननिहाल फैजुल्लापुर आया हुआ था।हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आदित्य को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक हर्ष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से भाग निकला। कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group