मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर में गाली-गलौज का विरोध करने पर दो भाइयों पर कैंची से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने नाई की दुकान से कैंची उठाकर दोनों भाइयों पर वार कर दिए। घटना में दोनों घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, गांव शेरपुर निवासी अकबर के बेटे मोहम्मद सरवर और शाहवेज 17 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गांव के दूसरे मोहल्ले में रहने वाला अनस पुत्र आरिफ वहां पहुंचा। आरोप है कि अनस ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया।आरोप है कि विरोध से नाराज अनस पास की एक नाई की दुकान पर गया और वहां से कैंची उठा लाया। इसके बाद उसने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मामले में मोहम्मद प्रवेज पुत्र अकबर की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने अनस के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पुष्टि जांच के आधार पर की जाएगी।