मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी कार में आधी रात आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। कार मालिक ने कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते गाड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।लक्खीपुरा की गली नंबर 18/7 निवासी मोहम्मद सलीम पुत्र आस मोहम्मद के मुताबिक, वह सोमवार रात हापुड़ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे घर लौटने के बाद उसने अपनी कार गली में खड़ी कर दी। करीब दो घंटे बाद रात 12 बजे मोहल्ले के लोगों ने शोर मचाकर कार में आग लगने की जानकारी दी।सलीम घर से बाहर निकला तो कार आग की चपेट में थी। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक गाड़ी का करीब 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा जल चुका था। पीड़ित ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उसकी कार को आग के हवाले किया गया है। उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच कराने की मांग की है। सलीम ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए दावा किया कि पहले भी उसके साथ विवाद और धमकी देने की घटनाएं हुई थीं।पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, आग लगने के कारण और घटना में किसी की संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।