बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र में किसान की हत्या से सनसनी फैल गई। खेत की जुताई करने के लिए घर से निकले किसान का शव देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ा मिला। किसान के शरीर पर गोली लगने के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार, चांदपुर थाना क्षेत्र के केलनपुर गांव निवासी विजय पाल सिंह खेतीबाड़ी करते थे। वह खेत की जुताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर घर से निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उनकी पत्नी गीता ने फोन से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।तलाश के दौरान गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर खेत के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पर किसान का शव मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान किसान के शरीर पर गोली लगने के दो निशान मिले। घटनास्थल से एक कारतूस मिलने की बात भी सामने आई है।किसान की मौत से परिवार में मातम पसरा है। बताया गया कि उनके एक बेटे की पहले ही सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा मोहित सीआरपीएफ में तैनात है। परिवार ने घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।