मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव बजीराबाद के जंगल में चोरों ने बिजली विभाग के दो ट्रांसफार्मरों को निशाना बना लिया। चोर दोनों ट्रांसफार्मरों को नीचे गिराकर उनके अंदर रखा कीमती सामान चोरी कर ले गए। इस घटना से बिजली विभाग को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।चोरी की घटना एक और दो नवंबर की रात की है। गांव के जंगल में रजवाहे के पास 63 केवीए और 25 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगे हुए थे। रात में चोरों ने दोनों ट्रांसफार्मरों को नीचे गिराया और उनके अंदर का सामान निकालकर ले गए।सुबह बिजली विभाग के कर्मचारियों को चोरी का पता चला। इसके बाद अवर अभियंता परमानंद शर्मा ने भोपा थाने में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि चोरी हुए दोनों ट्रांसफार्मरों से विभाग को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।