मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग के युवक विक्की की तलाश पांच दिन बाद बुधवार को खत्म हुई। उसका शव जौली गंगनहर के पास बरामद हुआ। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।विक्की 13 नवंबर की शाम गंगनहर में डूब गया था। घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और ग्रामीणों की मदद से नहर में खोजबीन कराई गई, लेकिन पहले दिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद भी लगातार उसकी तलाश जारी रही। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण खोज अभियान में परेशानी आई।बुधवार को जौली गंगनहर के निकट उसका शव मिलने की सूचना मिली। भोपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की। कई दिनों से बेटे के लौटने की उम्मीद लगाए बैठा परिवार शव मिलने की खबर से टूट गया।बताया गया कि विक्की के पिता श्रवण की कुछ वर्ष पहले बिजली के हादसे में मौत हो गई थी। परिवार में मां मंजू और बहनें हैं। विक्की परिवार का इकलौता बेटा था। पिता के निधन के बाद परिवार की उम्मीदें उसी से जुड़ी थीं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।