मुजफ्फरनगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच नई मंडी कोतवाली पुलिस की बझेड़ी अंडरपास के पास बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी ताज मोहम्मद पुत्र मुल्ला कासिम के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, नई मंडी कोतवाली की टीम बझेड़ी अंडरपास के आसपास संदिग्ध लोगों और वाहनों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एनएच-58 से बझेड़ी गांव की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल के साथ मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध ने बचकर निकलने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, अवैध हथियार रखने, धोखाधड़ी, कूटरचना, गोवध अधिनियम, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2015 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई होती रही है।कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन और सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।