मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसे आरोपी को पकड़ा है, जिसका नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस और 1200 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि बरामद रकम नलकूप से चोरी किया गया पंखा बेचने से मिली थी।पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान लुहारी खुर्द गेट के पास एक युवक के अवैध हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी की पहचान नाजिम पुत्र सलीम उर्फ छोटा निवासी न्याजूपुरा, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 1200 रुपये मिले।पुलिस के अनुसार, गांव कसौली में एक नलकूप से पंखा चोरी हुआ था। नाजिम ने चोरी किया गया पंखा कबाड़ी को बेच दिया था। उससे मिली रकम पुलिस ने बरामद कर ली।पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और गोवध अधिनियम समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।