मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के सैदपुरा खुर्द गांव में बिजली के तारों से फैले करंट ने एक गाय की जान ले ली। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।बताया गया कि बघरा ब्लॉक की गोशाला की एक गाय गांव में बिजली के खंभे के तारों से उतर रहे करंट की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित खंभे के तारों में काफी समय से करंट उतर रहा था। इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।ग्रामीणों के मुताबिक, जिस स्थान पर करंट उतर रहा था, वहां से महिलाओं और बच्चों का भी लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। गाय की मौत के बाद लोगों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और तितावी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने मांग की कि बिजली के खंभों और तारों की जांच कराकर खतरनाक स्थिति को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य पशु या व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े।



