मुजफ्फरनगर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के सभागार में जिले का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार कपिल देव अग्रवाल ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाजन के दौरान विस्थापित होकर भारत आए परिवारों के परिजनों को सम्मानित किया।कार्यक्रम में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनेक बलिदानों के बाद मिली। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष और उस दौर की कठिन परिस्थितियों से अवगत कराना जरूरी है, ताकि बच्चे देश के लिए किए गए बलिदानों को समझ सकें।उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान परिस्थितियां बिगड़ने पर अनेक परिवारों को पाकिस्तान में अपना घर-बार छोड़कर भारत आना पड़ा। भारत पहुंचने के बाद विस्थापित परिवारों ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के सहारे जीवन को फिर से व्यवस्थित किया।स्मृति दिवस पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी में भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय की परिस्थितियों, विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष को प्रदर्शित किया गया। मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों के परिजनों से भी जानकारी ली।जिला पंचायत के प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता आंदोलन और बलिदानों की जानकारी बच्चों तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अपील की कि लोग अपने घरों पर तिरंगा लगाएं और आसपास के लोगों को भी घरों, दुकानों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में जिला पंचायत के प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला समन्वयक केएन पांडेय, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राजीव चौहान सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सभी ने सभागार में लगी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।