मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर शुक्रवार को एमजी पब्लिक स्कूल, सर्कुलर रोड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाकर जिले में अभियान का शुभारंभ किया। जिले में 12 लाख 99 हजार 700 बच्चों को दवा देने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके सापेक्ष पहले दिन 11 लाख 22 हजार 740 बच्चों को दवा खिलाई गई।अभियान के तहत जिले के 2,888 विद्यालयों, 2,274 आंगनबाड़ी केंद्रों और 110 मदरसों में बच्चों को कृमिनाशक दवा दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पहले दिन करीब 86 प्रतिशत लक्षित बच्चों को दवा दी जा चुकी है। जो बच्चे किसी कारण से दवा नहीं ले सके, उन्हें 18 अगस्त को निर्धारित मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।कार्यक्रम में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ रखने में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। कृमि संक्रमण से बच्चों में कमजोरी, खून की कमी और भूख में कमी हो सकती है। इससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं। विभागीय टीमें विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में पहुंचकर बच्चों को निर्धारित मात्रा में कृमिनाशक दवा खिला रही हैं। अभियान की निगरानी भी की जा रही है।दवा देने के साथ बच्चों और अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्हें नियमित रूप से हाथ धोने, नाखून छोटे और साफ रखने, स्वच्छ पानी पीने तथा भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए दवा के साथ स्वच्छता संबंधी आदतें अपनाना भी जरूरी है।इस अवसर पर संयुक्त निदेशक एवं राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया ने अभियान की व्यवस्थाओं और क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने विभागीय गतिविधियों और मैदानी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा ने बच्चों और उपस्थित लोगों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपाय बताए।विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय परिवार स्वास्थ्य विभाग के अभियानों में सहयोग करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *