मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दंपती की चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई। पीछे से आ रहे सिपाही ने स्कूटी से धुआं निकलता देख चालक को तत्काल रुकने के लिए कहा। समय रहते स्कूटी रोककर दंपती नीचे उतर गया, जिसके कुछ ही देर बाद वाहन आग की लपटों से घिर गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, साकेत के रहने वाले अमित कुमार शुक्रवार रात अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से बाजार जा रहे थे। दोनों साकेत कॉलोनी से अंसारी रोड की ओर जाने वाली गली में पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे सिपाही की नजर उनकी स्कूटी से निकल रहे धुएं पर पड़ी।सिपाही ने तत्काल आवाज देकर स्कूटी सवार अमित कुमार को वाहन रोकने के लिए कहा। सिपाही की सूचना पर अमित कुमार ने स्कूटी रोक दी। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ तुरंत स्कूटी से उतरकर सुरक्षित दूरी पर चले गए।दंपती के स्कूटी से उतरने के कुछ ही समय बाद उसमें आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। समय रहते सिपाही की नजर पड़ने और उसके सचेत करने से दंपती सुरक्षित बच गया।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जानकारी में स्कूटी में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। सिपाही की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *