बुढ़ाना। तहसील बुढ़ाना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी 33 शिकायतें पहुंचीं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई सुनवाई के दौरान पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों को शेष शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस में विद्युत, भूमि विवाद, नगर पंचायत, राजस्व, पेंशन, सड़क तथा पुलिस-प्रशासन से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके निस्तारण के लिए स्वयं मौके पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि समयसीमा के भीतर शिकायतों का समाधान किया जाना जरूरी है। जिन मामलों का नियमानुसार निस्तारण संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था के तहत प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया गया कि वे मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से निस्तारण के संबंध में स्वयं जानकारी लें और यह पता करें कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। साथ ही मौके पर की गई कार्रवाई का छायाचित्र भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी बुढ़ाना सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, तहसीलदार बुढ़ाना महेंद्र यादव, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, जिला बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *