मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं किसान मेले का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल और जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। किसानों को श्रीअन्न की खेती, फसल सुरक्षा, पोषण, कृषि विविधीकरण और शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने की। कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें किसानों को संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कृषि क्षेत्र से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने न्यूट्रीसीरियल्स और मिलेट्स के उत्पादन तथा इनके महत्व के बारे में किसानों को प्रारंभिक जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़ा के प्रभारी अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ने मिलेट्स फसलों में होने वाले कीट एवं रोगों की रोकथाम तथा कृषि विविधीकरण पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से जैविक रसायनों के उपयोग का आह्वान किया और इसके माध्यम से फसलों की सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया।गन्ना शोध संस्थान, मुजफ्फरनगर के वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश ने गन्ने की उन्नत खेती के साथ सहफसली खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने गन्ने के साथ बाजरा और अन्य मिलेट्स की खेती के महत्व की जानकारी किसानों को दी।कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़ा की वैज्ञानिक डॉ. पूजा ने बाजरा, मिलेट्स और न्यूट्रीसीरियल्स के पोषण संबंधी लाभों की तकनीकी जानकारी दी। विशेषज्ञों ने किसानों को श्रीअन्न उत्पादन और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी भी प्रदान की।किसानों को बैंक ऋण और वित्तीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक अनिल सिंह और नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक निलय वत्स ने किसानों को जानकारी दी। राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी और किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष संजय पंवाड़ी ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं तथा श्रीअन्न का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने किसानों से न्यूट्रीसीरियल्स और मिलेट्स का उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी किसानों के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं।मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने प्रदेश सरकार द्वारा कृषि और किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए किसानों के हित में पारदर्शिता के साथ निरंतर कार्य करने पर जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने अतिथियों, किसानों, प्रदर्शनी में शामिल विभागों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। इसके साथ ही किसान मेले का समापन हुआ।