मेरठ। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने सरधना सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वलीदपुर गांव में हाईवे किनारे आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मेरठ-मुरादाबाद मंडल प्रभारी विक्रम सिंह जाटव ने चौधरी विनीत भराला के नाम की घोषणा की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे।कार्यक्रम का आयोजन विनीत भराला ने अपने पिता स्वर्गीय सत्य प्रकाश भराला की 18वीं पुण्यतिथि के अवसर पर किया था। सम्मेलन की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और सत्य प्रकाश भराला को श्रद्धांजलि देकर की गई।मुख्य अतिथि विक्रम सिंह जाटव ने कहा कि बसपा लंबे समय से वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर अपराध, बेरोजगारी और महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर निशाना साधा। शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने और बसपा प्रमुख मायावती को फिर मुख्यमंत्री बनाने के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।सम्मेलन में सामाजिक समीकरण को लेकर भी नेताओं ने अपने विचार रखे। बसपा नेता इमरान याकूब ने मुस्लिम, दलित, पिछड़े और अन्य बहुजन समाज के लोगों से एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विनीत भराला को सरधना से जिताने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुटने को कहा।प्रत्याशी घोषित होने के बाद विनीत भराला ने समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्मेलन को प्रभावित करने के लिए विरोधियों की ओर से प्रयास किए गए। उनके अनुसार कार्यक्रम स्थल पर रात में नलकूप चलाकर पानी भर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ।विनीत भराला ने सरधना विधायक अतुल प्रधान पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को बसपा के कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए फोन किए गए। उन्होंने क्षेत्र में जाति और हिंदू-मुस्लिम मुद्दों की राजनीति किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरधना की जनता बदलाव चाहती है। उनका दावा है कि 2027 के चुनाव में क्षेत्र में बसपा का प्रदर्शन मजबूत रहेगा।विनीत भराला कुछ समय पहले समाजवादी पार्टी से अलग होकर बसपा में शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल होने के बाद से ही उनके सरधना विधानसभा सीट से बसपा के संभावित चेहरे के रूप में सामने आने की चर्चा थी। अब कार्यकर्ता सम्मेलन में उनके नाम की औपचारिक घोषणा के बाद उन्होंने चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।