लखनऊ। गोमतीनगर में बैंक के बाहर पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी। वारदात में तीन लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।गोमतीनगर के विवेकखंड स्थित आईसीआईसीआई बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर तैनात दिव्या मिश्रा दोपहर करीब 12 बजे बैंक पहुंची थीं। बताया गया कि वह एक ग्राहक से मुलाकात के बाद वापस बैंक लौटी थीं। इसी दौरान उनके पति मानस बाजपेयी वहां पहुंच गए। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी।गोली लगने से दिव्या गंभीर रूप से घायल होकर गिर गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद बैंक में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाहर आए कर्मचारियों की ओर भी आरोपी ने हथियार तान दिया। इसके बाद कर्मचारी बैंक के अंदर चले गए। बताया गया कि आरोपी के पास दो पिस्तौल थीं।पत्नी को गोली मारने के बाद मानस वहां से निकलकर हुसड़िया चौराहा स्थित अपने घर पहुंचा। घर में उसने अपनी 28 वर्षीय बहन तूलिका उर्फ सीबा को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो दोनों के शव मिले।पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। दोनों के बीच तलाक संबंधी मामला चलने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। हालांकि वारदात के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस को मानस के व्हाट्सऐप स्टेटस से भी कुछ जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है। डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा ने बताया कि पहले बैंक के बाहर महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। बाद में हुसड़िया चौराहे पर पति द्वारा बहन की हत्या करने और खुद को गोली मारने की जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group