मुजफ्फरनगर। शहर में बारिश के दौरान जलभराव के बीच डिलीवरी का काम करने वाले रामपुरी निवासी विशाल का मोबाइल पानी में गिरकर खो गया। मोबाइल नहीं मिलने पर परेशान विशाल का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो देखकर चरथावल विधायक पंकज मलिक ने उससे संपर्क किया और नया मोबाइल देकर उसकी मदद की।बताया गया कि बारिश के दौरान शिव चौक पर काफी पानी भर गया था। इसी दौरान विशाल का करीब 45 हजार रुपये कीमत का मोबाइल पानी में गिर गया। विशाल ने काफी देर तक जलभराव में फोन तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। मोबाइल खोने से वह काफी परेशान हो गया और वहीं भावुक हो गया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।विशाल के मुताबिक, उसने मोबाइल किस्तों पर लिया था। अभी उसकी केवल तीन किस्तें जमा हुई थीं। बाकी रकम का भुगतान किया जाना था। डिलीवरी का काम मोबाइल से ही होने के कारण फोन खोने से उसके सामने काम को लेकर भी परेशानी खड़ी हो गई थी।वीडियो सामने आने के बाद चरथावल विधायक पंकज मलिक ने विशाल से संपर्क किया। उन्होंने उसे अपने आवास पर बुलाया और नया मोबाइल फोन उपलब्ध कराया। मोबाइल मिलने पर विशाल ने विधायक का आभार जताया।विधायक पंकज मलिक ने इस घटना के साथ शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था में सुधार और समस्या का स्थायी समाधान कराने की जरूरत बताई।विधायक ने जल निकासी व्यवस्था में खर्च होने वाली धनराशि को लेकर भी सवाल उठाते हुए व्यवस्था की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उनका कहना है कि शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए।