मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रौनी हरजीपुर की विवाहिता ने ससुराल वालों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, उससे पांच लाख रुपये और कार की मांग की जाती थी। मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।रौनी हरजीपुर निवासी दीपा पुंडीर पुत्री रणधीर सिंह की शादी पांच मई 2025 को तितावी थाना क्षेत्र के गांव पीपलशाह निवासी कृष्णपाल चौहान से हुई थी। दीपा का कहना है कि शादी में मायके वालों ने दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर और घरेलू सामान दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे।महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उससे पांच लाख रुपये और कार लाने को कहा जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। परेशान होकर उसने मायके वालों को जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता रणधीर सिंह ने ढाई लाख रुपये ससुराल पक्ष को दिए, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।दीपा का आरोप है कि पति कृष्णपाल, ससुर विक्रम चौहान, सास ब्रजबाला उर्फ बबली, जेठ ललित, जेठानी चंचल तथा ननद मोनी और रजनी ने उसके साथ मारपीट की और अतिरिक्त रुपये की मांग करते रहे। ओर सितंबर में उसे ससुराल से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया। मामला परिवार न्यायालय तक पहुंचा और मध्यस्थता की कोशिश भी हुई, लेकिन महिला के मुताबिक ससुराल पक्ष मध्यस्थता में शामिल नहीं हुआ।इसके बाद दीपा ने चरथावल थाने में शिकायत दी। पुलिस ने पति कृष्णपाल समेत सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 3/4 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।