मुजफ्फरनगर। छपार -58 पर बरला गांव के पास तेज रफ्तार से चल रही ब्रेजा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ब्रेजा कार संख्या यूपी-13 सीएच-1603 देहरादून से बुलंदशहर की ओर जा रही थी। कार में मोहित कुमार पुत्र राजपाल सिंह निवासी क्षेत्र के अलावा संगीता कपासिया (38), सर्वेश देवी, विमला देवी और सरिता सवार थीं। बरला के पास कार आगे चल रहे ट्रक संख्या आरजे-01जीडी-8318 से जा टकराई।हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए संगीता कपासिया को उच्च उपचार के लिए रेफर किया गया। परिजनों ने उन्हें शीला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतका संगीता कपासिया ग्राम आलमगीर धनौरा, थाना कोतवाली देहात, बुलंदशहर की रहने वाली थीं। उनके देवर संजय कुमार पुत्र स्वर्गीय मलखान सिंह ने छपार थाने में तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि ट्रक चालक ने बिना संकेत दिए अचानक वाहन रोक दिया था। इसी कारण पीछे चल रही कार ट्रक में जा घुसी।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक की भूमिका और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।