मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव बिलासपुर में गाली-गलौज का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि रास्ते में रोककर गाली देने का विरोध करने पर युवक ने ईंट से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से व्यक्ति घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप है।गांव बिलासपुर निवासी शमशाद पुत्र शब्बीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव के अड्डे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में छोटा पुत्र इरशाद तेल्ली ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। शमशाद ने गाली देने से मना किया तो आरोप है कि छोटा ने ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी। हमले में शमशाद घायल होकर जमीन पर गिर गया।शोर सुनकर शमशाद की पत्नी रुकसाना मौके पर पहुंचीं और पति को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से चला गया।घटना के बाद घायल शमशाद ने चिकित्सकीय परीक्षण कराया और नई मंडी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आरोपी छोटा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों व साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।