निरीक्षणमुजफ्फरनगर, 12 मई 26। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को जिले के सभी नौ विकास खंडों में चयनित विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराया गया, जिसमें शिक्षण व्यवस्था से लेकर मिड-डे-मील और बुनियादी सुविधाओं तक की गहन समीक्षा की गई।जिला प्रशासन द्वारा शाहपुर, सदर, पुरकाजी, बुढ़ाना, खतौली, मोरना, जानसठ, चरथावल और बघरा विकास खंडों के कुल 24 परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान अध्यापकों एवं छात्रों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, निपुण भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, साफ-सफाई और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का परीक्षण किया गया।जांच में कुल 156 अध्यापकों में से 133 अध्यापक उपस्थित मिले, जबकि छात्र उपस्थिति भी संतोषजनक पाई गई। उपस्थिति पंजिका के अनुसार विद्यालयों में कुल 2415 छात्रों के सापेक्ष 2364 छात्र मौके पर उपस्थित पाए गए। अधिकारियों ने अधिकांश विद्यालयों में शिक्षण कार्य को व्यवस्थित और अनुशासित बताया।निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में मिड-डे-मील की गुणवत्ता बेहतर पाई गई तथा निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन तैयार कराया जा रहा था। विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए विकास कार्यों में भी सुधार देखने को मिला।शाहपुर, सदर और पुरकाजी क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि बुढ़ाना और खतौली ब्लॉक के कई विद्यालयों में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। मोरना, जानसठ और चरथावल क्षेत्र के विद्यालयों में छात्र उपस्थिति अच्छी रही तथा व्यवस्थाएं भी व्यवस्थित मिलीं।मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए भविष्य में भी आकस्मिक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यालय में लापरवाही, अनियमितता या शिक्षण कार्य में उदासीनता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group