बहराइच के रिसिया क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम पंचायत भक्तापुर में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के पीछे प्रेम संबंधों को लेकर परिवार की नाराजगी बताई जा रही है। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।पुलिस के अनुसार मृतका संगीता गांव के ही एक युवक से प्रेम करती थी। युवक दूसरे समुदाय का बताया जा रहा है, जिस कारण परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। इस संबंध को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हो चुका था और मामला थाने तक पहुंच गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।बताया जा रहा है कि युवक के वापस गांव आने के बाद संगीता फिर उसके संपर्क में आ गई थी। इसी बात से परिवार में तनाव बढ़ गया। घर में इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। आरोप है कि गुस्से में पिता ने बेटी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रिसिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group