मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव सम्भलहेड़ा में खेत की सिंचाई को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार गांव सम्भलहेड़ा निवासी चरण सिंह अपने खेत पर पानी लगा रहा था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई लोकेश पुत्र निर्मल सिंह के साथ पानी की बारी और खेत की सिंचाई को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में आए लोकेश ने खेत में पड़ा फावड़ा उठाकर चरण सिंह के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से चरण सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को पास के गन्ने के खेत में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। अगले दिन खेत मालिक महक सिंह जब खेत पर पहुंचे तो गन्ने के बीच शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर ककरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के पुत्र मनमोहन की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी लोकेश की तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह थाना प्रभारी जोगिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोरना-जानसठ मार्ग स्थित बंद पड़े कोल्हू के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group