मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के सभी ब्लॉकों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालयों में स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “डेंगू नियंत्रण के लिए जन सहभागीदारी : जांच करें, सफाई करें और ढकें” रखी गई है। कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए घरों में कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमलों और अन्य स्थानों पर जमा पानी की नियमित सफाई अत्यंत आवश्यक है। लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन जलभराव वाले स्थानों को खाली कर साफ रखने की अपील की गई।स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि जनपद के सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सालयों एवं जिला चिकित्सालय में डेंगू की जांच और उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अलका सिंह ने रेडियो एसडी एफएम पर लाइव स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से भी लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए और जनसहभागिता को बीमारी की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखें और डेंगू से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।