मुजफ्फरनगर। जिले में किरायेदारी व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में प्रशासन ने नई पहल करते हुए “किरायेदारी सूचना पोर्टल” शुरू कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार ने इस पोर्टल का शुभारंभ किया। अब मकान मालिक और किरायेदार घर बैठे ऑनलाइन किरायेदारी की सूचना दर्ज कर सकेंगे और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए इस पोर्टल के माध्यम से किरायेदारी संबंधी सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन पूरी होंगी। आवेदन करते समय मकान मालिक और किरायेदार को अपना विवरण, किराया, अनुबंध अवधि और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होगी। साथ ही रेंट एग्रीमेंट, पहचान पत्र और फोटो भी अपलोड किए जाएंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) की ओर से डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त किरायेदारी प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।प्रशासन ने इस व्यवस्था को सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताया है। जारी होने वाले प्रमाणपत्र पर विशेष QR कोड रहेगा, जिसे स्कैन करते ही किरायेदार और मकान की जानकारी तुरंत सामने आ जाएगी। इससे पुलिस और प्रशासन को सत्यापन में आसानी होगी और जिले में रह रहे किरायेदारों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो सकेगा।अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और किरायेदारी संबंधी विवादों में भी कमी आने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने लोगों से पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कराने की अपील की है।ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल : https://rca-mzn.in/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group