नई दिल्ली। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बाहरी जिले की पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। विशेष पुलिस दल ने बापरोला क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ का वजन आठ किलो से अधिक बताया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक राजधानी के विभिन्न इलाकों में गांजे की सप्लाई करने का काम करता है और वह निर्धारित समय पर बापरोला इलाके में खेप पहुंचाने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए रणनीति के तहत जाल बिछाया।कुछ समय बाद एक संदिग्ध युवक कंधे पर बैग लेकर वहां पहुंचा। मुखबिर के इशारे पर पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बैग से चार पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा भरा हुआ था। मौके पर किए गए वजन में इसकी मात्रा आठ किलो एक सौ बीस ग्राम निकली। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में आरोपी की पहचान अल्ताफ आलम निवासी कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी राजधानी में नशे के कारोबार से जुड़े गिरोह के संपर्क में था और विभिन्न क्षेत्रों में गांजे की आपूर्ति करता था।मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा किस स्थान से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशे के अवैध कारोबार को समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group